मामूली टक्कर के बाद हुआ था विवाद
लखनऊ के मड़ियांव इलाके में शनिवार को बाइक की मामूली टक्कर के बाद विवाद ने हिंसक रूप ले लिया था। पुलिस के अनुसार, मदन बिहारी तिवारी अपने 19 वर्षीय पोते संकल्प तिवारी के साथ बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान एक वाहन से टक्कर के बाद कहासुनी हुई।
आरोप है कि विवाद के दौरान राजकुमार उर्फ मलई ने चाकू से दोनों पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल मदन बिहारी तिवारी की KGMU ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उनका पोता घायल हुआ।
आठ साल से पुलिस को थी तलाश
पुलिस के मुताबिक 42 वर्षीय राजकुमार उर्फ मलई मूल रूप से लखीमपुर खीरी का रहने वाला है। उसे रविवार को मड़ियांव पुल के पास गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक धारदार चाकू भी बरामद होने की बात पुलिस ने कही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ वर्ष 2008 से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या, अपहरण, रंगदारी, बलवा, हत्या के प्रयास और गैंगस्टर एक्ट व आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले शामिल बताए गए हैं। 2018 और 2019 के मामलों में भी उसके खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
अंतिम संस्कार के दौरान भी था तनाव
मदन बिहारी तिवारी के अंतिम संस्कार के दौरान इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस और PAC की तैनाती की गई थी। परिवार ने शुरुआत में शव वाहन को रोक दिया था और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की थी। पुलिस के आश्वासन के बाद अंतिम संस्कार की प्रक्रिया आगे बढ़ी।